फोटो-11- कानपुर प्रयागराज हाइवे पर कोराई मोड़ के पास डंपर से टकराई एंबुलेंस। संवाद
अल्लीपुर (फतेहपुर)। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शनिवार रात शव लेकर जा रही एंबुलेंस डंपर से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
मथुरा जिले के माठ थाना क्षेत्र के बिलंदपुर निवासी एंबुलेंस चालक उधम सिंह (50) दिल्ली से शव लेकर झारखंड जा रहे थे। रात करीब दो बजे मलवां थाना क्षेत्र के कोराईं मोड़ के पास सर्विस लेन से कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर चढ़ रहे डंपर से तेज रफ्तार एंबुलेंस की साइड से टक्कर हो गई।
हादसे में एंबुलेंस में सवार अन्य लोग भी घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस में फंसे चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दूसरी एंबुलेंस की व्यवस्था कर शव और अन्य लोगों को झारखंड के लिए रवाना कर दिया। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि चालक के परिजन को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।