खखरेरू। लोक निर्माण विभाग जर्जर 2200 मीटर बरैचा-हरदासपुर संपर्क मार्ग की मरम्मत करा रहा है। मरम्मत में करीब 22 लाख खर्च होगा। ग्रामीणों सड़क मरम्मत में प्रयोग हो रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए मानक विहीन बताया।
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण नहीं करा रहा है। सड़क पर बने गड्ढों की भराई बोल्डर से करने के बजाय छोटी गिट्टी डालकर औपचारिकता की जा रही है। सड़क की मोटाई भी तय मानक से कम है।
गांव के जुगेश कुमार, धीर सिंह, विकास कुमार, धुन्ना सिंह, शैलेंद्र कुमार और धीरज सिंह आदि ग्रामीणों का कहना है कि यह पैचिंग का काम पहली बारिश में ही उखड़ सकता है। चेतावनी दिया कि यदि गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया, तो यह सरकारी धन की बर्बादी साबित होगी और लोगों को फिर से जर्जर सड़क से जूझना पड़ेगा। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता एके सील ने बताया कि अवर अभियंता को भेजकर निर्माण कार्य का निरीक्षण कराया जाएगा। मानक विहीन सामग्री होने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई होगी।