हथगाम (फतेहपुर)। सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलने की चार साल की अन्वी की हसरत मंगलवार को पूरी हो गई। अखिलेश ने अन्वी को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय बुलाया। आधे घंटे बातचीत की। शॉपिंग कराई और 16 मार्च को उसके मुंडन में गांव आने का वादा किया। बच्ची ने अखिलेश को उनके कार्यकाल की तमाम योजनाओं को गिनाया।
पिता नरेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी 4 वर्षीय बेटी अखिलेश यादव से मिलने के लिए लंबे समय से परेशान थी। बेटी को अखिलेश यादव के कार्यकाल में कराए गए सभी कार्य मुंह-जुबानी याद हैं। भीषण ठंड में वह सुबह उठकर घर-घर जाकर झंडा-बैनर के साथ गांव वालों से अखिलेश यादव के पास ले चलने का अनुरोध करती थी। ऐसी स्थिति में वह कई बार बीमार हो चुकी है। इसको गंभीरता से लेते हुए विधायक ऊषा मौर्या व सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने पार्टी कार्यालय में संपर्क कर पैरवी की।
हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र की सपा विधायक ऊषा मौर्या को सोमवार को पार्टी कार्यालय से फोन आया। बताया गया कि अखिलेश यादव भेंट करना चाहते हैं। विधायक बच्ची के पिता के साथ उसे लेकर पार्टी कार्यालय पहुंचीं थीं। (संवाद)