फतेहपुर। पंजाब में तैनात वायुसेना कर्मी समेत चार ससुरालियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की प्राथमिकी दर्ज की गई है। महिला ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे तीन तलाक देने की धमकी दी गई है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जिगनी निवासी मो. हकीमउल्ला खां की पुत्री नूर अफशा का निकाह सात नवंबर 2021 को गांव के तारिक खान के साथ हुआ था। तारिक खान पंजाब के भंटिडा स्थित बिशियाना एयरफोर्स स्टेशन में कॉर्पोरल के पद पर तैनात है।
आरोप है कि निकाह के बाद पति तारिक खान, ससुर जर्रार अहमद, ननद जबेरिया और मैमूना खातून ने 20 लाख नकद व कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर पति ने तीन तलाक देने की धमकी दी।
महिला ने बताया कि मार्च 2022 में पति उसे पश्चिम बंगाल एयरफोर्स स्टेशन बैरकपुर ले गए थे। इस दौरान ससुराल पक्ष ने चोरी का डर दिखाकर उसके जेवर ले लिए। आरोप है कि बैंक खाते से डेबिट कार्ड के जरिये 70 हजार रुपये निकाल लिए गए।
पति ने 17 जनवरी को पारिवारिक न्यायालय में तलाक का वाद भी दाखिल किया है और अब उसे आत्महत्या के लिए उकसाया जा रहा है। कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।