फतेहपुर। मलवां ब्लाक के शाहजहापुर के किसान भारत भूषण पाठक ने 44-45 डिग्री के तापमान में गोभी की नर्सरी तैयार कर ली है। अब उसको खेत में लगाने की तैयारी बना रहे हैं। भारत भूषण पाठक ने करीब 50 बीघा के क्षेत्रफल में गोभी की खेती करने का लक्ष्य बनाया है। यह जिले में रोजगार सेवक के पद पर भी कार्यरत हैं।
केंद्र व प्रदेश सरकार ने किसानों की आय दोगुना करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर किसान पाठशाला का आयोजन किया। उसमें किसान भारत भूषण पाठक ने कृषि विशेषज्ञों से प्रशिक्षण लिया और गोभी के बीज की बुआई कर दी। पारा 44-45 डिग्री होने के बावजूद भी गोभी की नर्सरी को खराब नहीं होने दिया। 25 दिन में गोभी की नर्सरी तैयार कर ली। किसान ने बताया कि बाग के किनारे वाले खेत में नर्सरी बोई थी। इसमें सुबह से दोपहर
तक धूप का असर बहुत कम रहता था। सिंचाई भी शाम को दिन डूबने के बाद करते हैं। इससे दिन भर की तपन को सिंचाई का पानी ठंडा कर देेता है। उन्होंने बताया कि गोभी की नर्सरी में किसी प्रकार के रासायनिक खाद का छिड़काव नहीं किया गया है। गोबर की खाद को खेत की मिट्टी में डालकर बुआई की थी। पिछले साल 21 बीघा
गोभी की फसल बोई थी। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज की मंडियों में गोभी ले जाकर अपना नाम कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि गांव में 90 फीसदी खेतों में गोभी, बैगन, टमाटर, मिर्च की फसल होती है। यहां पर कृषि विशेषज्ञ
गोष्ठी के माध्यम से किसानों को सुझाव देते रहते हैं। गांव में रासायनिक कीटनाशक की तीन दुकानें हैं, लेकिन अब यहां के किसानों का जैविक खेती की ओर रुझान है। कीटनाशक दवाओं का प्रयोग बहुत कम करते हैं। इनके अलावा गांव के सुनील उत्तम, अरुण उत्तम, प्रमोद उत्तम, बृजेश उत्तम, देवीदीन पड़ोसी जिले की मंडियों में सब्जी के माध्यम से अपनी पहचान बनाए हुए हैं।
===========================