किसानों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करतीं डीएम अपूर्वा दुबे। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। कृषि विभाग की ओर से 50 किसानों को खेती के गुर सीखने के लिए बनारस भेजा गया है। सब्जी और धान की खेती वैज्ञानिक ढंग से करने की जानकारी दी जाएगी। डीएम अपूर्वा दुबे ने किसानों के वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजना से मंगलवार को प्रज्ञा ग्रामोत्थान सेवा समिति के सचिव उमेश चंद्र शुक्ला की देखरेख में किसानों को चार दिवसीय भ्रमण के लिए भेजा गया। उप कृषि निदेशक राममिलन सिंह ने कहा कि प्राकृतिक खेती करने का तरीका बनारस में कृषि वैज्ञानिक बताएंगे। जैविक खेती करने और रासायनिक खेती के नुकसान को बताया जाएगा।
जिले में सब्जी की खेती बहुतायत क्षेत्रफल में होती है। इसके लिए किसानों को वैज्ञानिक ढंग से खेती करने और सब्जी की फसल को व्यापारिक बनाने का प्रशिक्षण किसानों को दिया जाएगा। इस मौके पर प्रगतिशील किसान बजरंग सिंह, प्रतापभान सिंह, रामेश्वर सिंह, रणवीर सिंह, शिवप्रसाद द्विवेदी, राजेंद्र उत्तम, कुलदीप शर्मा, अनिरुद्ध दुबे, सुरेश चंद्र, रमेश त्रिवेदी मौजूद रहे।