उ.प्र. प्राथमिक शिक्षक संघ व उत्तर प्रदेशीय शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन की बीएसए के खिलाफ जंग जारी है। रविवार को कड़ाके की ठंड के बीच दोनों संगठनों ने शिक्षा विभाग के उक्त अधिकारी के विरोध में वाहन जुलूस निकाल कर जबरदस्त नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी शिक्षक व शिक्षिकाआें के साथ शिक्षामित्रों ने ऐलान किया कि उनकी मांगें पूरी होने और नाजायज तरीके से होने वाला शोषण व उत्पीड़न बंद न किए जाने तक विरोध चलता रहेगा।
नौ दिसंबर से नहर कालोनी में चालू हुआ उक्त धरना सप्ताह भर से नहर कालोनी में चल रहा है। विरोध प्रदर्शन के 12 वें दिन आंदोलन में और तपिश दिखाई दी।
प्राशिसं अध्यक्ष राजेंद्र सिंह व शिक्षामित्र एसोसिएशन अध्यक्ष विजय सिंह गौर की अगुवाई में नहर कालोनी से दोपहर दो बजे सैकड़ों वाहनों का काफिला निकला।
वाहन जुलूस के दौरान विरोधी नारेबाजी खूब हुई। ‘पापी बन कर शीश कुचल देना अहिंसा है’। ‘ओपी त्रिपाठी वापस जाओ’। ‘गली गली में शोर है....’, ‘हमसे जो टकराएगा, घुटनों के बल आएगा’ जैसे नारे लगाते हुए यह काफिला पटेलनगर, आईटीआई रोड, वर्मा चौराहा, पीरनपुर, अरबपुर, ज्वालागंज, बाकरगंज, सदर अस्पताल, बिंदकी बस स्टाप, पत्थरकटा चौराहा से होता हुआ वापस नहर कालोनी पहुंचा।
इस दौरान नाजिर हुसैन, अमित त्रिवेदी, शैलेंद्र भदौरिया, विजय त्रिपाठी, सुधाशूं श्रीवास्तव, अनुराग श्रीवास्तव, शैलेंद्र सिंह, दिग्विजय सिंह, समीर सिंह, अमित कुमार, रोहित, सुनील कुमार, दीपू श्रीवास्तव, शीलेंद्र तेवतिया, प्रदीप वर्मा, पवन वर्मा, गीताजंलि सिंह, राज कुमारी, वसीम फातमा, शशि कला मुख्य रूप से मौजूद रहे।