फतेहपुर। देवर का निकाह कराने से इन्कार करने पर महिला के साथ मारपीट, घर में तोड़फोड़ और नकदी व जेवर लूट लिए। पुलिस से शिकायत पर कार्रवाई न होने के बाद पीड़िता ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने महिला समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के बकंधा गांव निवासी बेगम उर्फ हसीना बानो ने बताया कि उनके देवर मोहम्मद सलमान बाहर रहकर नौकरी करते हैं। गांव की रहने वाली अफसीन जहां उनसे निकाह करना चाहती थी। आरोप है कि निकाह से इनकार करने पर उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी गई।
पीड़िता के अनुसार 24 मार्च को वह घर के बरामदे में बैठी थीं। तभी गांव निवासी नसीम, अफसीन जहां, नाजिया और शबीना उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों से मारपीट की।
आरोप है कि इसके बाद आरोपित घर में घुस गए और तोड़फोड़ करते हुए एक सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी चांदी की पायल तथा 5,600 रुपये नकद लेकर चले गए। पीड़िता का यह भी आरोप है कि पुलिस में शिकायत करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।