फोटो-09-कुएं से युवक को बाहर निकालते लोग। वीडियो ग्रैब
फतेहपुर। वर्चस्व की रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच शुक्रवार शाम विवाद हो गया। एक पक्ष के लोगों ने युवक को बंधक बनाकर पीटा। युवक ने जान बचाकर भागने की कोशिश की तो उसे कुएं में धक्का दे दिया। पुलिस व ग्रामीणों ने युवक को कुएं से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हालत में सुधार होने के बाद युवक ने पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज दर्ज कराई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के बिझौली गांव निवासी संदीप कुमार तिवारी और सत्यदेव शुक्ला के परिवारों के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है। संदीप तिवारी 13 मार्च की शाम गांव के ईंट भट्ठे पर साथियों के साथ होला (भुने चने की फसल) खा रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद सत्यदेव पक्ष के लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
आरोप है कि देर शाम सत्यदेव शुक्ल, विनोद कुमार, विकास, अभय कुमार और कल्लू शुक्ल संदीप के पास पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोपियों ने संदीप को जबरन घर ले जाकर एक कमरे में बंधक बना लिया। यहां जमकर पिटाई की और वीडियो भी बनाया। किसी तरह जान बचाकर भाग रहे संदीप का पीछा कर आरोपियों ने उसे कुएं में धक्का दे दिया।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से संदीप को कुएं से बाहर निकाला। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। यहां इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार बताया गया। थानाध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीन की तलाश जारी है।
फोटो-09-कुएं से युवक को बाहर निकालते लोग। वीडियो ग्रैब