फतेहपुर। सदर तहसील अंतर्गत मौरंग खंड अढ़ावल-दो में राजस्व और खनन विभाग की संयुक्त जांच में अवैध खनन पाया गया। मौरंग खंड में पानी से खनन पकड़े जाने पर 15 लाख का जुर्माने का नोटिस जारी किया गया है।
जांच में अढ़ावल खंड-दो में 875 घन मीटर अवैध मौरंग खनन पकड़ा गया। पट्टेधारक बाबू गुप्ता की फर्म पर अवैध खनन पर 9.97 लाख रुपये के जुर्माना का नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा यमुना नदी से खनन में पांच लाख अतिरिक्त जुर्माना जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की ओर लगाया गया है। इस तरह से कुल 15 लाख का नोटिस जारी किया गया है।
एडीएम अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि मौरंग खंड का कई दिनों से सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा था। इसको संज्ञान में लेने के बाद टीम गठित कर जांच कराई गई। जांच के दौरान खंड में स्वीकृत क्षेत्र से बाहर अवैध खनन और पानी से मौरंग खनन के साक्ष्य मिलने पर जुर्माना लगाया गया है। खनिज अधिकारी देशराज सिंह ने बताया कि पट्टाधारक पर करीब 15 लाख का जुर्माने की नोटिस जारी की गई है। जुर्माना नहीं जमा करने पर खंड से मौरंग खनन बंद कराया जाएगा।
डेढ़ माह बचा खदानों में लाल सोने की लूट
संगोलीपुर खंड में दर्ज हो चुकी प्राथमिकी, फिर वीडियो वायरल
फतेहपुर। जिले में करीब आठ मौरंग खंड संचालित हो रहे हैं। मौरंग खनन 30 जून को बंद हो जाएगा। ऐसे में खदान संचालकों ने लूट मचा रखी है। इन पर कार्रवाई का भी कोई असर नहीं है। संगोलीपुर मौरंग खदान का एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें पोकलैंड से जलधारा के बीच से अवैध खनन करती नजर आ रही है। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
सदर तहसील में कोर्रा, ओती खंड-दो, अढ़ावल कंपोजिट में खंड 11 व दो, देवलान व खागा तहसील में संगोलीपुर मड़ैयन, रानीपुर समेत आठ मौरंग खंड संचालित हो रहे हैं। खदानों में नियमों के विपरीत रात को अवैध खनन किया जा रहा है। हालात ये हैं कि एक माह पहले संगोलीपुर मड़ैयन खदान में छापामारी के दौरान अवैध खनन पाया गया। इनके मिलने पर अवैध खनन की प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इसके बाद बीते सप्ताह का फिर संगोलीपुर मड़ैयन खदान का एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें रात को पानी से पोकलैंड मशीन अवैध खनन करते नजर आ रही है। रानीपुर खंड मौरंग खदान मई में ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन की शिकायत पर कई ओवरलोड वाहनों का चालान किया। खदान संचालक को कानूनी कार्रवाई व अंतिम चेतावनी जारी की गई। खनन अधिकारी देशराज सिंह ने बताया कि अवैध खनन पर पट्टा निरस्त किए जाएंगे।