फोटो-36-ग्राम पंचायत चक इटौली में स्थलीय निरीक्षण के दौरान बातचीत करते अपर आयुक्त मनरेगा। संवाद
फतेहपुर। भाजपा के नगर मंत्री त्रितोष गुप्ता की शिकायत के बाद अपर आयुक्त मनरेगा सोमवार को बहुआ विकासखंड की चक इटौली ग्राम पंचायत पहुंचे। यहां उन्होंने 82 लाख रुपये के फर्जी भुगतान और कार्यों में अनियमितताओं की जांच की। इस दौरान शिकायतकर्ता और प्रधान के पति भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त ने ग्राम पंचायत के कर्मचारियों और संबंधित लोगों से पूछताछ की।
मनरेगा अपर आयुक्त अमनदीप डुली ने पहले प्रधान और शिकायतकर्ता से अलग-अलग बातचीत की। इसके बाद ग्राम पंचायत का निरीक्षण किया। उन्होंने भुगतान और कार्य संबंधी दस्तावेजों की समीक्षा भी की। भाजपा नेता ने चक इटौली ग्राम पंचायत में फर्जी भुगतान और अनियमितताओं की शिकायत उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से की थी।
अपर आयुक्त ने कहा कि मामले की पूरी जांच के बाद वे रिपोर्ट ग्राम्य विकास आयुक्त को सौंपेंगे। मुख्यमंत्री से शिकायत मिलने के बाद आयुक्त को दो दिन तक ठहरकर जांच करने के आदेश दिए गए थे। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों और पंचायत सदस्यों को मामले की गंभीरता के बारे में निर्देश भी दिए गए।
फोटो-36-ग्राम पंचायत चक इटौली में स्थलीय निरीक्षण के दौरान बातचीत करते अपर आयुक्त मनरेगा। संवाद