मीरमऊ पैगंबरपुर गांव में अतिक्रमण ढहाती जेसीबी मशीन। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
अल्लीपुर। मीरमऊ के प्रधान एवं शराब माफिया राकेश सिंह की खलिहान और तालाबी नंबर में कब्जे पर सोमवार शाम पुलिस-प्रशासन का बुल्डोजर चला है।
माफिया ने करीब चार बीघा जमीन पर कब्जा कर रखा था। कार्रवाई से हड़कंप मचा है। राकेश सिंह और उसके भाई शराब माफिया घोषित हैं। इनकी हिस्ट्रीशीट खुली है और गैंगस्टर का मामला भी दर्ज है।
मलवां थाना क्षेत्र के मीरमऊ पैगंबरपुर निवासी राकेश सिंह करीब चार बीघा सरकारी जमीन को बाउंड्री गेट लगाकर घेरा था।
बिंदकी एसडीएम अवधेश कुमार निगम, थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह, थानाध्यक्ष हुसैनगंज रणजीत बहादुर सिंह, राजस्व निरीक्षक सुनील तिवारी, क्षेत्रीय लेखपाल अजीजुद्दीन जेसीबी लेकर गांव पहुंचे।
चारों तरफ की बाउंड्री और गेट को ढहाया। बाउंड्री के अंदर आलीशान बैठका बना था। उसे भी ढहा दिया गया। एसडीएम ने बताया कि करीब 55 लाख से अधिक की संपत्ति पर कब्जा कर रखा था।
करीब 15 लाख कीमत का निर्माण ढहाया गया है। माफिया राकेश सिंह गांव के प्रधान हैं। उनकी पत्नी मंजू सिंह सनगांव वार्ड से जिला पंचायत सदस्य हैं।
जिला पंचायत सदस्य मंजू सिंह ने बताया कि राजनीतिक विद्वेष के कारण कार्रवाई की गई है। वह कोर्ट की शरण लेगी। उनके पति पर पुराने मुकदमे हैं। उनका अपराध से कोई सरोकार नहीं है।