फाइल फोटो-13-अतुल तिवारी। स्रोत: परिजन
असोथर। अवैध खनन स्थल पर मिट्टी ढुलाई के लिए गए ट्रैक्टर चालक की बुधवार भोर मौत हो गई। चालक के पिता ने जेसीबी संचालक पर रुपये के विवाद में बेटे की जेसीबी से कुचलकर हत्या करने और शव छिपाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के सरकंडी क्षेत्र स्थित बर्राबगहा निवासी अतुल तिवारी (22) ट्रैक्टर से मिट्टी ढुलाई का काम करता था। पिता अवधेश ने पुलिस को बताया कि अतुल पिछले तीन वर्षों से सरकंडी गांव के तेली कुआं डेरा निवासी जेसीबी संचालक धनंजय सिंह के साथ काम कर रहा था। धनंजय सिंह मिट्टी खनन का कार्य कराता है। मंगलवार रात उसने अतुल को ट्रैक्टर लेकर कुशियापुर गांव स्थित खनन स्थल पर बुलाया था।
अवधेश का दावा है कि अतुल ने कई महीनों से बकाया भुगतान की मांग की थी। इसे लेकर उसकी धनंजय सिंह से कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसी रंजिश में धनंजय सिंह के कहने पर जेसीबी ऑपरेटर ने खनन स्थल पर अतुल को जेसीबी से कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि घटना के बाद शव को छिपाने के उद्देश्य से शहर के लखनऊ बाईपास ले जाया गया लेकिन बाद में हाईवे किनारे छोड़ दिया गया।
परिजन ने बताया कि बुधवार सुबह धनंजय सिंह ने पड़ोसी बाबूलाल तिवारी को फोन कर बताया कि लखनऊ बाईपास पर अतुल का एक्सीडेंट हो गया है और वह गंभीर रूप से घायल है। हालांकि अतुल मौके पर मृत मिला।
प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने बताया कि हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। जेसीबी संचालक की तलाश की जा रही है उसका मोबाइल फोन बंद है। प्रारंभिक तौर पर यह भी आशंका जताई जा रही है कि खनन के दौरान कोई हादसा हुआ हो और बाद में शव छोड़कर संबंधित लोग भाग गए हों।
खनन गतिविधियों पर भी उठे सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में संचालित खनन गतिविधियों पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरकंडी क्षेत्र में रात के समय जेसीबी से अवैध खनन पुलिस की मिलीभगत से कराया जाता है। प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने कहा कि घटना के साथ खनन संबंधी आरोपों की भी जांच कराई जाएगी।
फाइल फोटो-13-अतुल तिवारी। स्रोत: परिजन