हुसैनगंज। थ्रेसर में दुपट्टा फंसने से छात्रा की मौत हो गई। लालीपुर के मजरे कांजी का पुरवा निवासी मंगरुपाल बुधवार रात गेहूं की मड़ाई करा रहा था। मंगरु की पुत्री रूबी उर्फ उमा (18) मदद के लिए पहुंची।
थ्रेसर के पट्टे में रूबी का दुपट्टा फंस गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन युवती को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उसकी मौत हो गई। मृतका हुसैनगंज के पीसीपी इंटर कालेज में इंटर की छात्रा थी। दूजी देवी इंटर कालेज भिटौरा में बोर्ड की परीक्षा दे रही थी।
मृतका तीन बहनों आशा, ऊषा, रेशू में सबसे बड़ी थी। एक छोटा भाई भगीरथ है। घटना से मां निर्मला देवी और परिवार के सदस्यों का रोकर बेहाल रहा। थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह ने बताया कि थ्रेसर में फंसने से छात्रा की मौत हुई है।