बिंदकी। मौसेरे भाई के साथ घर आ रही किशोरी को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार किशोरी का मौसेरा भाई चुटहिल हो गया। ट्रक छोड़कर भाग रहे चालक को भीड़ ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पीटकर पुलिस को सौंप दिया। करीब एक घंटे तक ललौली रोड का यातायात बाधित रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
बिंदकी कोतवाली के दरवेशाबाद गांव की रहने वाली नेहा देवी (13) पुत्री छेदा लाल, कुछ दिनों पहले अपनी मौसी के घर जाफरगंज के खोटिला गांव गई थी। मंगलवार दोपहर मौसरे भाई विजयपाल के साथ बाइक से घर आ रही थी। दोपहर करीब एक बजे ललौली रोड कैलाश शिव मंदिर के सामने मौरंग लदे ट्रक ने तेज रफ्तार में बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही नेहा बाइक से गिरकर ट्रक के नीचे आ गई।
जबकि विजयपाल दूसरी ओर गिरकर चुटहिल हो गया। ट्रक नेहा के ऊपर से निकल गया। इससे नेहा की मौके पर मौत हो गई। लोगों ने ट्रक चालक को पीटकर पुलिस को सौंपा दिया। हादसे के बाद यातायात बाधित हो गया। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने जाम खुलवाया। कस्बा इंचार्ज रितेश कुमार राय ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।