बहुआ। बांदा-फतेहपुर हाईवे पर बुधवार शाम लगभग सात बजे ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसे में अनियंत्रित ट्रेलर खंती में पलट गया। चालक ट्रेलर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर परिजनों को हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने शवों को मोर्च्युरी हाउस में रखवाया है।
ललौली थाना क्षेत्र के ओनई गांव निवासी प्रदीप सिंह (26) और अतुल सिंह (25) दोस्त थे। दोनों बहुआ कस्बे के एक वेल्डिंग कारखाने में कार्य करते थे। कुछ काम की वजह से शाम को बाइक से कारखाना जा रहे थे। ललौली थाने के सिधांव और मुत्तौर गांव के बीच गिट्टी लादकर फतेहपुर की ओर जा रहे एक ट्रेलर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। बाइक से उछलकर प्रदीप सड़क के बीचोबीच गिरा और कुचल गया। बाइक समेत अतुल ट्रेलर में फंस गया। करीब बीस मीटर तक घिसटता चला गया।
इधर, ट्रेलर अनियंत्रित होकर खंती में पलट गया। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे। मौके पर भीड़ लग गई। पुलिस ने बाइक नंबर की जांच की। जिसके आधार पर प्रदीप के ससुराली जनों को सूचना दी गई। हादसा स्थल पर प्रदीप के चचेरे ससुर संग्राम सिंह और अन्य परिजन पहुंचे। संग्राम सिंह ने शवों की पहचान की। प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। शव को मोर्च्युरी में रखवाया गया है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। पुलिस को घटनास्थल पर हेलमेट नहीं मिला है।
बहुआ। हादसे से ओनई गांव के दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। जान गंवाने वाले प्रदीप सिंह की बहुआ कस्बे के गांधीनगर में शालिनी से 28 अप्रैल को शादी हुई थी। शादी के महज नौ माह में इस हादसे ने शालिनी का सुहाग छीन लिया। हादसे से प्रदीप की पत्नी, मां फूल कुमारी, बहन राखी देवी बदहवास दिखीं। पांच भाइयों अनिल सिंह, चंद्रभान सिंह, सुनील, संदीप सिंह में प्रदीप चौथे नंबर का थे। वहीं अतुल की मौत से उसकी मां बंटी देवी बदहवास हो गई हैं। उसका एक बड़ा भाई अजय तोमर और बहन आंचल देवी है। दोनों परिवारों में शोक छाया हुआ है।
दुर्घटना स्थल पर पड़ी छतिग्रस्त बाइक। संवाद- फोटो : FATEHPUR
दुर्घटना स्थल पर लगी भीड़। संवाद- फोटो : FATEHPUR