बिंदकी। महरहा गांव के पास एक कार की टक्कर से वृद्ध किसान घायल हो गया। किसान सड़क किनारे खड़ा था। नाराज लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस के पहुंचने पर माने। हालांकि ट्रैफिक कम होने की वजह से लोगों को ज्यादा दिक्कत नहीं हुई।
कल्यानपुर थानाक्षेत्र के महरहा गांव निवासी मौजीलाल(60) गांव में ही रोड किनारे खड़े थे। तभी तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग निकला। घायल को निजी वाहन से सीएचसी में भर्ती कराया गया। वृद्ध की हालत गंभीर होने के कारण डाक्टरों ने हैलट कानपुर रेफर कर दिया है। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे तक रोड पर जाम लगाया। वह कार वाले को गिरफ्तार करने और वृद्ध किसान को इलाज में मदद करने की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खत्म कराया।