बहुआ। बहन से मिलकर घर लौट रहे युवक की बाइक में ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। हादसा बांदा-टांडा हाईवे पर शंकरपुरवा पेट्रोप पंप के पास हुआ। सूचना पर युवक की बहन बिलखते हुए अस्पताल पहुंची। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लिया है। चालक भाग निकला है।
बांदा जनपद के जौहरपुर गांव थाना तिंदवारी निवासी विजय कुमार (25) पुत्र रामखेलावन बाइक से अपनी बहन के घर जाफरगंज आया था। जहां से बाइक से वापस गांव जा रहा था। विजय जैसे ही बांदा-टांडा हाईवे पर ललौली के शंकरपुरवा पंप के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे एक गिट्टी लदे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हेलमेट पहने होने के बावजूद विजय के सिर पर गंभीर चोट लगीं। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। हालांकि उसकी रास्ते में मौत हो गई।
पहचान होने पर उसकी बहन सुधा देवी को सूचना दी गई तो वह बिलखते हुए अस्पताल पहुंची और शव देखकर बदहवास हो गई। कुछ देर बाद अन्य परिवारीजन भी तिंदवारी से आ गए। बताया गया कि मृतक राजगीर का काम करता था। वह दो भाइयों में छोटा था। पुलिस ने गिट्टी लदे ट्रक को पकड़ लिया है। चालक की तलाश की जा रही है।