फतेहपुर। पति व दो बच्चों को छोड़कर एक महिला ने धर्मपरिवर्तन कर प्रयागराज के युवक के साथ निकाह कर लिया। पति ने एसपी से शिकायत में बिना तलाक लिए निकाह व धर्मपरिवर्तन के मामले में कार्रवाई की मांग की है।
हथगाम थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक ने शिकायत में एसपी को बताया कि उसकी शादी दो फरवरी 2011 में सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली युवती के साथ हुई थी। शादी के बाद दो बेटे हुए। बड़ा बेटा 13 और छोटा नौ वर्ष का है। करीब पांच साल से पत्नी का स्वभाव बदलने लगा। वह अक्सर किसी से मोबाइल पर बातचीत करने लगी। शहर में रहने का दबाव बनाने लगी। 15 अप्रैल 2024 को पत्नी घर से नकदी व जेवर लेकर चली गई। उसने सात जून को हथगाम थाने में सूचना दी कि पत्नी ने उसे और बच्चों को छोड़कर बिना तलाक दिए प्रयागराज के रहने वाले इमरान के साथ चली गई। कई बार पत्नी को लाने की कोशिश की। उसने इमरान के बहकावे में धर्मपरिवर्तन कर निकाह कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।