अल्लीपुर (फतेहपुर)। मलवां थानाक्षेत्र हाईवे पर सराफ कारोबारी लूटकांड में पुलिस ने दूसरे सराफ को संदिग्ध मानकर पकड़ लिया। पता चलते ही व्यापारी नेता थाने पहुंच गए। हंगामा होने लगा, मामले को तूल पकड़ता देख पुलिस ने सराफ को छोड़ दिया। व्यापारियों ने सही खुलासे की मांग की है।
मलवां थाने के मंझूपुर गांव निवासी अमन सोनी मंगलवार शाम दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। जैनपुर मोड़ से पहले बाइक सवार बदमाशों ने टक्कर मारकर रोकवाया था। उसके बाद नगदी, जेवरातों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। पुलिस सराफ से लूट को संदिग्ध मानकर जांच में जुटी। कई बार सराफ से पुलिस ने पूछताछ की। उसके बाद अपने तरीके से बाइक सवारों के टक्कर मारकर गिराने के बाद बैग लेकर चले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। बहरहाल दुर्घटना और बैग चोरी की रिपोर्ट दर्ज हुई। पुलिस ने छानबीन के दौरान चोरी का माल खरीदने के आरोप में पकड़े जा चुके मलवां के एक सराफ को उठा लिया। सराफ शहर का रहने वाला है। उसकी दुकान मलवां में हैं। इसकी भनक व्यापारियों को सुबह हुई। कस्बा व्यापार मंडल के नेता उमेश चौहान, पप्पू गुप्ता, रामलखन, कमलेश, अंकित सिंह, बब्बन मिश्रा, अतुल कुमार समेत कई व्यापारी थाने सुबह करीब दस बजे पहुंच गए। सौंरा चौकी इंचार्ज सुरेंद्र पाल सिंह से मुलाकात की। व्यापारियों ने पुलिस से सराफ के खिलाफ सबूत मांगे। पुलिस को सराफ की जांच में कोई साक्ष्य नहीं मिला था। हंगामा होने लगा तो पुलिस ने सराफ को छोड़ा। व्यापारियों से लुटे सराफ के खुलासे की मांग की। एसओ राजीव सिंह ने बताया कि सराफ को पूछताछ के लिए लाया गया था। पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।