जहानाबाद। चाय की दुकान में रखे लीकेज गैस सिलिंडर में आग लग गई। स्थानीय लोग जब तक आग बुझा पाते, लपटों ने तीन अन्य दुकानों को चपेट में ले लिया। आग से दुकानों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
जहानाबाद कस्बे के लालूगंज बाजार में संजय निषाद की चाय की दुकान है। दोपहर के समय गैस सिलिंडर में लीकेज के कारण दुकान में आग भड़क उठी। आग लगते ही संजय व अन्य लोग पहले जान बचाने के लिए बाहर भागे और फिर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। थोड़ी देर में आग ने बगल में स्थित आकाश कन्फेक्शनरी, अतुल गिफ्ट व आरिफ के चने-सत्तू की दुकान को चपेट में ले लिया। कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी।
आकाश कन्फेक्शनरी के संचालक आकाश जैन ने बताया कि आग लगने से करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। संजय ने करीब 50 हजार और अतुल गिफ्ट के संचालक ने हजारों के नुकसान की बात कही। आरिफ ने बताया कि उसे करीब बीस हजार रुपये का नुकसान हुआ है।