बहुआ। ललौली थाना क्षेत्र के दो स्थानों में लगी आग से करीब 14 बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। एक स्थान पर खरपतवार जलाने से, तो दूसरे स्थान पर हार्वेस्टर से आग लगने से किसानों का बड़ा नुकसान हुआ है।
थानाक्षेत्र के परेठी गांव में बाग में खरपतवार जलाते समय उड़ी चिंगारी से छह बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। किसान भवानी शंकर के बाग में किसी ने खरपतवार में आग लगाई थी, जिससे परेठी गांव के किसान पुत्तन कुशवाहा की तीन बीघा, गब्बर कुशवाहा की एक बीघा, सर्वेश कुमार उर्फ बबलू की दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
उधर, परेठी गांव के दूसरे छोर पर हार्वेस्टर से गेहूं की कटाई करते समय हार्वेस्टर से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लगने से करीब आठ बीघा की फसल जल गई। बिंदकी थाना क्षेत्र के दुगरेई गांव निवासी किसान मुन्ना कुरैशी की एक बीघा, घनश्याम की चार बीघा, दयाराम पाल की तीन बीघा फसल जलकर नष्ट हुई है। ग्रामीणों ने पेड़ की टहनियों से किसी तरह आग पर काबू पाया। सूचना पर पहुंचे ललौली इंस्पेक्टर संदीप तिवारी ने मौके का जायजा लिया। दमकल की गाड़ी आग बुझने के बाद पहुंची।