नाले की सिल्ट निकालते सफाई कर्मचारी।
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। वार्ड नंबर 14 आबूनगर में 52 लाख की लागत से नाला और सीसी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। नाला बनने से गड़रियनपुरवा में जलनिकासी की समस्या से निजात मिलेगी। वार्ड में 25 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाईं जाएंगी। इनके लिए नए प्वांइट बनाए जाएंगे। पुरानी खराब लाइटें भी बदली जाएंगी।
अमर उजाला ने 29 नवंबर के अंक में आबूनगर वार्ड की बदहाली की खबर प्राथमिकता के साथ छापी थी। खबर को संज्ञान लेते हुए चेयरमैन प्रतिनिधि हाजी रजा ने शुक्रवार को वार्ड का भ्रमण कर समस्याएं देखीं। बजबजाते नाले देख चेयरमैन प्रतिनिधि ने नाराजगी जताई और सफाई नायक को वार्ड की साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
चेयरमैन प्रतिनिधि ने बताया कि गड़रियनपुरवा में जलनिकासी के लिए 24 लाख की लागत से नाले का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही 28 लाख की लागत से दो सीसी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने प्रकाश निरीक्षक को ऐसे प्वाइंट चिह्नित करने के निर्देश दिए जिनमें स्ट्रीट लाइटें नहीं लगी हैं। एलईडी लाइटें आते ही इनमें प्राथमिकता के साथ लाइटें लगवाने के निर्देश दिए।
बताया कि वार्ड में 30 लाख की लागत से दुकानों का निर्माण कराया गया है। इनका जल्द ही आवंटन किया जाएगा। उनका प्रयास है कि वार्ड में अच्छा मार्केट बने। वार्ड वासियों को यह सुविधा जल्द मिलने लगेगी। वार्ड में तीन करोड़ की लागत से डाकबंगला से डीएम चौराहे तक डिवाइडर सड़क का निर्माण हो रहा है। जल्द ही यह सड़क बनकर तैयार हो जाएगी।