फतेहपुर। पढ़ाई के लिए लखनऊ में रह रही युवती को शादी का झांसा देकर महाराष्ट्र ले जाने और उसे छोड़ने के नाम पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने में आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी पहले से ही महाराष्ट्र में दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहा है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि पुत्री 25 दिसंबर को लखनऊ से घर आ रही थी। शादी का झांसा देकर पुत्री को शहर के बस स्टैंड से सैयदवाड़ा का रहने वाला मोहम्मद जुहैब अरशद उर्फ अर्श बहलाकर ले गया। वह परिवार समेत महाराष्ट्र के शिवाजीनगर थाना गोवंडी में रहता है।
आरोप है कि जुहैब और उसके परिजन लड़कियों को बहलाकर ले जाते और विभिन्न राज्य व विदेश में देह व्यापार में बेचते हैं। धर्म परिवर्तन भी कराते हैं। उनके तार अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़े हैं और इसमें कई फर्जी मौलाना शामिल हैं।
वह पत्नी के साथ 22 जनवरी को आरोपी के घर गए। उन लोगों ने बेटी को छोड़ने के एवज में 10 लाख रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर पुत्री की अश्लील वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने और परिवार को आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धमकी दी।
कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार को जुहैब व उसके पिता अरशद रजा उर्फ अरशू, मां शीबा, बहन जुबूर, चाचा अशरफ रजा, मुन्ना, भईया, दादा सैय्यद काजिम रजा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
महाराष्ट्र में पहले से दर्ज है दुष्कर्म की प्राथमिकी
करीब 15 दिन पहले महाराष्ट्र प्रांत की पुलिस जुहैब के पैतृक घर कुर्की का नोटिस चस्पा करने आई थी। आरोप है कि जुहैब ने फार्मेसी छात्रा को प्रेमजाल में फंसाकर शारीरिक शोषण किया था। इसका मामला महाराष्ट्र के शिवाजीनगर थाने में 18 अगस्त को दर्ज हुआ था। इसके बाद यहां से युवती को लेकर जुहैब भागा है। जुहैब की शिकार दोनों लड़कियां उसके बचपन और स्कूल टाइम की मिलने-जुलने वाली हैं।