हथगाम। मोबाइल का चार्जर लगाते समय करंट की चपेट में आने से बुधवार रात एक युवक की मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के चक भयहरनपुर मजरे सुरजीपुर गांव निवासी शिवम लोधी (22) बुधवार रात कमरे में मोबाइल का चार्जर लगा रहा था। परिजन के मुताबिक, बिजली के बोर्ड से तार लटक रहा था। चार्जर लगाते समय हाथ तार से छू जाने पर शिवम करंट की चपेट में आकर गिर पड़ा। गिरने की आवाज सुनकर मां राजरानी कमरे में पहुंचीं।
बेटे को अचेत देखकर उन्होंने शोर मचाया। परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पिता शिवकरन लोधी ने बताया कि शिवम छोटे भाई नेमीचंद्र के साथ गोवा में पेंटिंग का काम करता था। वह त्योहार पर घर आने के लिए पांच अक्तूबर को गांव पहुंचा था।