फतेहपुर। बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में बुधवार रात सात लोग घायल हो गए। हादसे में एक युवक सड़क पर गिरने के बाद ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के महरहा गांव निवासी राजा सोनकर उर्फ बृजेश की गांव में मुर्गा की दुकान है। बुधवार रात मुर्गा काटते समय उसकी अंगुली कट गई। इसके इलाज के लिए पड़ोसी दोस्त विशाल उर्फ शिवम राजपूत और सूरज सोनकर (22) उसे बाइक से सीएचसी बिंदकी लेकर जा रहे थे।
बिंदकी-मुरादीपुर रोड पर महरहा भट्ठा के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद सूरज सोनकर सड़क पर गिर गया और उसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे में विशाल और राजा भी घायल हुए।
दूसरी बाइक पर सवार मलवां थाना क्षेत्र के बसौनापुर गांव निवासी इंद्रेश, उनकी भतीजी आकाशनी, अमौली निवासी लक्ष्मी और यश भी घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष सुमितदेव पांडेय ने बताया कि बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। ट्रैक्टर व चालक की तलाश की जा रही है।