फाइल फोटो-17-दुक्खी। स्रोत: परिजन
चौडगरा/बिंदकी। जिले में कल्यानपुर और बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के दूधिकगार मोड़ पर बृहस्पतिवार को ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में राधानगर थाना क्षेत्र के जम्मूपुर गांव निवासी अंशू श्रीवास्तव (25) की मौके पर ही मौत हो गई।
वह मवेशियों का चारा लेने बक्सर गया था और खाली ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। पिता मेवालाल ने ट्रैक्टर मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि बेटा ठीक से ट्रैक्टर नहीं चल पाता था। इसके बाद मालिक उसे ट्रैक्टर चलवाता था। वहीं मालिक ने ट्रक की टक्कर को हादसे की वजह बताया है। थानाध्यक्ष सुमितदेव पांडेय ने बताया कि हादसे की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरी घटना बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में हुई। यहां बलुआपुर गांव निवासी दुक्खी (55) की डीसीएम की टक्कर से मौत हो गई। भतीजा इमरान (26) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा खजुहा कस्बा सम्राट मोड़ के पास हुआ। दोनों बाइक से अढ़ेना गांव जा रहे थे। पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से भाग निकला। घायल को सीएचसी से कानपुर रेफर किया गया है। कोतवाल राजेंद्र सिंह ने बताया कि बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। प्राथमिकी दर्ज कर डीसीएम चालक की तलाश की जा रही है।
ट्रक पलटने में घायल चालक ने दम तोड़ा
फतेहपुर। मौरंग लदा ट्रक पलटने में घायल चालक की बृहस्पतिवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मलवां थाना क्षेत्र के सराय खरगू गांव निवासी चांदबाबू (54) ट्रक चालक था। वह मौरंग लेकर 17 मई को बांदा के मर्का खदान से आ रहा था। मर्का पुल पर अनियंत्रित होकर ट्रक पलट गया। हादसे में चांदबाबू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से कानपुर हैलट रेफर किया। इलाज के दौरान चांदबाबू की मौत हो गई।
फाइल फोटो-17-दुक्खी। स्रोत: परिजन
फाइल फोटो-17-दुक्खी। स्रोत: परिजन