फोटो-07-फतेहपुर: जाफरगंज के मेले में सज रही दुकान और लगा झूला। संवाद
जाफरगंज। कस्बे के प्राचीन श्रीकृष्ण मेले की तैयारियां पूरी हो गई हैं। पंडित नेहरू पीठ इंटर कॉलेज स्थित मेला परिसर में साफ-सफाई के बाद झूले, मीना बाजार, सर्कस और विभिन्न दुकानें सजने लगी हैं। पांच पीढ़ियों से चली आ रही इस परंपरा में शामिल होने के लिए दूसरे शहरों में रहने वाले परिवारों की घर वापसी शुरू हो गई है। इससे कस्बे में मेले की रौनक बढ़ने लगी है।
श्रीकृष्ण मेला कस्बे के लोगों के लिए महज मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि पूर्वजों की विरासत को संजोने और पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करने का अवसर भी है। दिवाली के बाद भाई दूज से पंचमी तक चलने वाले इस आयोजन में दूर-दराज रहने वाले परिवार एकत्र होते हैं। मेले में आने वाले रिश्तेदारों और अतिथियों के ठहरने व भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है।
कस्बे के समाजसेवी घनश्यामदास गुप्ता ने बताया कि 10 नवंबर से मेला शुरू होगा। मेले में आने वाले अतिथियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए स्थानीय लोगों की ओर से ठहरने और खानपान का इंतजाम किया गया है। धार्मिक लीलाओं के साथ दंगल मेले का प्रमुख आकर्षण रहेगा। बड़े तालाब में भगवान श्रीकृष्ण की कालिया नाग मर्दन और कंस वध की लीला का मंचन किया जाएगा।
दूसरे दिन बकासुर वध और जरासंध वध की लीलाएं होंगी। तीसरे दिन दंगल आयोजित किया जाएगा। चौथे दिन यानी 13 नवंबर को मेले का समापन होगा। धार्मिक आयोजनों और पारंपरिक मेल-मिलाप को लेकर कस्बे के लोगों में खासा उत्साह है।
फोटो-07-फतेहपुर: जाफरगंज के मेले में सज रही दुकान और लगा झूला। संवाद