फतेहपुर। हथगाम थाना क्षेत्र के लखमीपुर में सरकारी राशन की दुकान के विक्रेता गोरेलाल के यहां जांच में अनियमितता मिली है। पूर्ति निरीक्षक को आंगनबाड़ी केंद्र के बंद कमरे से सरकारी राशन बरामद हुआ। पोर्टल पर दर्ज स्टॉक और मौके पर मिले राशन में भारी अंतर मिलने पर शनिवार को विक्रेता के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
पूर्ति निरीक्षक विजय कुमार वर्मा ने बताया कि शिकायत पर पांच अक्तूबर को जांच करने पहुंचे तो विक्रेता गोरेलाल मौजूद नहीं मिला। उसकी पत्नी रचना ने बताया कि पुलिस उसे किसी काम से ले गई है। जांच के दौरान 96 राशन कार्डधारकों के बयान दर्ज किए गए।
कोटेदार के भाई पंकज से आंगनबाड़ी केंद्र के बंद कमरे का ताला खुलवाया गया। यहां गेहूं की 59 सिली बोरियां, चावल की तीन खुली बोरियां और चीनी की दो बोरियां मिलीं। पोर्टल के अनुसार, दुकान में 52.19 क्विंटल गेहूं, 78.69 क्विंटल चावल और 0.33 क्विंटल चीनी होनी चाहिए थी।
करीब 29.50 क्विंटल गेहूं, 1.50 क्विंटल चावल और एक क्विंटल चीनी मिली। इस तरह गेहूं 22.69 क्विंटल और चावल 77.19 क्विंटल कम मिला, जबकि चीनी 0.67 क्विंटल अधिक पाई गई। पूछताछ में पत्नी और भाई ने बताया कि कोटे का राशन आंगनबाड़ी केंद्र से बांटा जाता है।
बरामद राशन, ई-पास मशीन, ई-वेइंग मशीन, चार्जर और स्कैनर ग्राम चयमालपुर के कोटेदार नरेंद्र सिंह को सौंप दिए गए हैं। प्रभारी निरीक्षक अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।