फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के सुजरही गांव में राशन घटतौली की शिकायत के बाद जांच के दौरान महिला कोटेदार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो महिला ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रविवार को चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सुजरही गांव निवासी ललिता देवी ने बताया कि वह पिछले 11 वर्षों से कोटेदार हैं। अगस्त में समाधान दिवस के दौरान कुछ ग्रामीणों ने कम राशन देने की शिकायत की थी।
जांच के लिए 14 अगस्त को जिलापूर्ति निरीक्षक गांव पहुंचे थे। विद्यालय परिसर में पूछताछ चल रही थी। तभी गांव के रामनरेश, मुकेश, उमेश और घनश्याम वहां आ धमके। उन्होंने गाली गलौज की। पति शिवनायक सिंह के विरोध करने पर दोनों को डंडे से पीटा।
आरोप है कि उन्होंने दुकान के अभिलेख फाड़ डाले और सोने का मंगलसूत्र व झुमकी छीन ली। शिकायत के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। मजबूर होकर कोर्ट की शरण ली। कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।