किशनपुर। खेत बेचने के बाद शनिवार रात दोस्त के साथ पार्टी युवक को महंगी पड़ गई। नशे में धुत होने के बाद उसके 70 हजार रुपये गायब हो गए। पुलिस ने होटल में सीसीटीवी फुटेज देखे तो जमीन पर नोट बिखरे नजर आए। पुलिस दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ कर रही है।
पड़ोसी जनपद बांदा के मटेहना गांव निवासी जगेंद्र सिंह, दोस्त संजय तिवारी के किशनपुर होटल में खाना खाने आया था। खेत बेचने के बाद जगेंद्र रकम लिए हुए था। होटल में दोस्त संजय के साथ जगेंद्र ने शराब पी और बेहोश हो गया।
जगेंद्र को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। संजय तिवारी पुलिस को रात 11 बजे नशे की हालत में मिला। पुलिस संजय को उठाकर थाने ले आई। पुलिस की सूचना पर जगेंद्र का भाई थाने पहुंचा।
उसने संजय के खिलाफ तहरीर देते हुए शराब पिलाकर 70 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया। पुलिस जगेंद्र की बाइक होटल से ले आई है। थाना प्रभारी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है।