अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाओं में
गृहस्वामियों की ढाई लाख की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। आसपास के लोगों और
दमकल के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
शहर के सुंदर नगर वर्मा
चौराहे इलाके में राजेश श्रीवास्तव के घर पर शुक्रवार दोपहर को आग लग गई।
जब आग लगी तब वह छत पर धूप सेंक रहे थे। अचानक कमरों से धुआं उठता देखकर
परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया।
आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। घटना की
खबर पर दमकल पहुंची। इलाकाई लोगों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया। फायर
ब्रिगेड कर्मियों ने बताया कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी है।
घर में
इनवर्टर और फ्रिज एक पास ही रखे थे। किसी उपकरण में शार्ट सर्किट हुआ है।
इसके बाद आग लगी है। गृहस्वामी राजेश ने बताया कि आग में करीब डेढ़ लाख की
संपत्ति नष्ट हो गई है। उसकी गृहस्थी में भारी नुकसान हुआ है।
उधर, हंसवा
कस्बे के मीरसदन मोहल्ला निवासी भोला अपने खेतों पर रात को पानी लगाने गया
था। उसके घर के लोग बाहर छप्पर के नीचे सो रहे थे। देर रात को मवेशी अचानक
चीखने लगे।
परिवार के लोगों की नींद टूटी तो घर के अंदर से धुआं निकल रहा
था। आग से धुआं घर के अंदर भर गया था। किसी की हिम्मत अंदर घुसने की नहीं
हो पा रही थी। ग्रामीणों ने घर की कच्ची छतों को तोड़ा।
इसके बाद धुआं बाहर
निकला और नलकूप से आग बुझाई जा सकी। यहां पर दमकल मौके पर काफी देर में
पहुंची। गृहस्वामी भोला ने बताया कि उसकी छोटी बेटी पूजा कोठरी में शाम को
भूसा निकालने गई थी।
भूसा निकालते समय चिराग गिरा होगा। भूसा सुलगने से ही
पूरे घर में आग लगी है। करीब 80 हजार की गृहस्थी जलकर नष्ट हो गई है।