फतेहपुर। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक दर्जन लोग गुरुवार को गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चित्रकूट पहाड़ीपुर थाना क्षेत्र के आरखमुंशी निवासी शिवनरेश कानपुर से बाइक में अपनी पत्नी शकुंतला और 12 साल की पुत्री वंदना यादव को लेकर गांव जा रहे थे। बाइक सवार की थरियांव थाना क्षेत्र के आमापुर के पास सामने से आ रहे बाइक सवारों से सीधी भिड़ंत हो गई।
हादसे में परिवार के तीनों सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं शहर से डेढ़ दर्जन सवारियां लादकर जा रहा विक्रम थरियांव हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में विक्रम सवार हरिओम (18) निवासी उसरैना, शांति देवी (26) पत्नी राकेश, राकेश (30) मुसईपुर थाना थरियांव, कल्लू (45), रामसजीवन (38), आरख सिंह (70) गंभीर रूप से घायल हो गए।
उधर, गाजीपुर थाना क्षेत्र के मलाका गांव निवासी चंद्रकली (60) पत्नी चंद्रपाल गांव के ही एक युवक के साथ बाइक से शहर आ रही थी। राधानगर के पास बाइक में साड़ी फंस गई। इससे वृद्धा बाइक से गिरकर घायल हो गई। बकेवर थाना क्षेत्र के पहाड़ीपुर गांव निवासी उमाशंकर बाइक से सुबह कसबे गए थे। जहां से वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।