फतेहपुर। बांदा जिले के पैलानी थाना क्षेत्र के मड़ौली गांव में शनिवार को पकड़े गए जुए के अड्डे को चलाने वाला भाजपा कार्यकर्ता धीरज सिंह उर्फ सीमू सिंह चंदेल है। छह साल पहले भी उसके जुए के ठिकाने से धरपकड़ हुई थी, लेकिन पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाई। सूत्रों की मानें तो वह ठिकाने बदलकर जुए का अड्डा चलाता रहता है।
यही नहीं, शनिवार को जुए के अड्डे से पकड़े गए कई अन्य लोग भी काफी रसूखदार हैं। वहीं, अड्डे से बरामद रकम पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने जुआरियों से साढ़े चार लाख रुपये, रायफल, तमंचा व आठ लग्जरी वाहन की बरामदगी दिखाई है, जबकि पकड़े गए लोगों के करीबी 25-30 लाख रुपये बरामद होना बता रहे हैं।
बांदा की पैलानी पुलिस के हत्थे चढ़ने वालों में जिले के अढ़ावल निवासी खदान संचालक बुद्धराज सिंह है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य, किसान संगठन का नेता व बीजेपी कार्यकर्ता आवास विकास आदर्श नगर का निवासी धीरज सिंह उर्फ सीमू सिंह अड्डे का संचालक बताया जा रहा है।
ऐझी गांव का प्रधान सुरेंद्र कुमार द्विवेदी तो सीमू सिंह का खास आदमी बताया जाता है। बिंदकी के तेंदुली का प्रधान राजेंद्र अवस्थी उर्फ सोनू पंडित, बिंदकी जहानपुर के मोहम्मद नफीस, अमौली का मोहम्मद अनीस, जहानाबाद बिरनई का नीरज कुशवाहा, कल्यानपुर उमरौड़ी का मुकेश कुमार तिवारी, कौशांबी जिला सिराथू के नायब तहसीलदार अंकिता पाठक का खागा कस्बा निवासी भाई राहुल पाठक, मलवां थाने के मुंजुवाखेड़ा निवासी अमरेंद्र बहादुर यादव भी काफी रसूख रखते हैं।
बताते हैं कि कानपुर साढ़ पुलिस ने दो माह पहले मुकेश तिवारी व बिंदकी के कई लोगों को जुआ खेलते पकड़ा था। खदान संचालक का चालक ललौली के अकीलाबाद निवासी शारदा प्रताप सिंह, गाजीपुर सेवरामऊ के हिस्ट्रीशीटर मनिंदा मिश्रा का भाई बलराम मिश्रा और दूसरे जिले के कानपुर सिकंदरा जिल्लापुर का अकील खान, रायबरेली लालगंज खजूरगांव के मोहम्मद हेलाल, रायबरेली डलमऊ पुरेकोईली का संतोष कुमार लोधी, कानपुर अलोनापुर का सुनील कुमार यादव, चित्रकूट पहाड़ी के उदयवीर यादव भी काफी पकड़ रखते हैं।
वहीं, मौके से बिंदकी के सगे भाई मोहम्मद अनीश, मोहम्मद समीम, ललौली का सलमान, शहर के पक्का तालाब का शैलेंद्र प्रताप, मड़ौली का संजय तिवारी, अभिमन्यु सिंह भाग गए हैं। यह जानकारी पकड़े गए लोगों ने पुलिस पूछताछ में दी है।