हुसेनगंज/फतेहपुर। लखनऊ-फतेहपुर रोड में अनियंत्रित रोडवेज की बस के पेड़ से टकरा गई। हादसे में डेढ़ दर्जन से ज्यादा सवारियां घायल हो गई। चीखपुकार सुनकर जुटे राहगीरों ने घायल सवारियों को बाहर निकाल कर नाजुक हालत में सदर अस्पताल भिजवाया । यह हादसा एनटीपीसी पावर हाउस के समीप बुधवार की दोपहर पौने दो बजे हुआ। आलमबाग डिपो की बस लगभग दो दर्जन से ज्यादा से सवारियां लेकर फतेहपुर आ रही थी। अचानक बस के चालक शिव प्यारे ने संतुलन खो दिया। बस अनियंत्रित हो लहराते हुए पेड़ से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी आवाज काफी दूर तक सुनी गई। करीब पंद्रह मिनट की मशक्कत के बाद बस में सवार डेढ़ दर्जन घायलों को बाहर निकाला गया। हादसे में आधा दर्जन सवारी मामूली घायल हुईं। जिन्हें सीएचसी हुसेनगंज ले जाया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल बस के चालक शिव प्यारे, परिचालक अनिल के अलावा गुलाब निवासी सुजानपुर, ललौली, पुष्पा पत्नी गुलाब पता उपरोक्त, चंद्रपाल कोट, खखरेड्ू, सुनील पार्वतीखेड़ा- शिवगढ़, रायबरेली, कोमल कुमार धौंसा, तिंदवारी-बांदा, मो. आजम रोखा, डीह-रायबरेली, रूही खागा, रूही का भाई जुबैर पता उपरोक्त व ममता निवासी सकूलपुर, हुसेनगंज को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इंसेट
खूनी सड़क बन रही लखनऊ रोड
हुसेनगंज। लखनऊ-फतेहपुर रोड में हादसे आए दिन का हिस्सा बन रहे हैं। करीब आधा सैकड़ा सड़क हादसे हो चुके हैं। बुधवार को आलमगंज डिपो की बस के नियंत्रण खोने के पीछे भी बदहाल रोड को कारण है। क्योंकि जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां पर रोड एक तरह से गायब है। जरा सी तेजी जान पर बन जाती है।
इंसेट
बोनट में सामान गिरने से खोया नियंत्रण
फतेहपुर। हादसे के पीछे बोनट मेें रखे सामान को कारण भी बताया जा रहा है। बकौल बस के परिचालक अनिल निवासी सिमरी-खीरो, रायबरेली, बोनट में कुछ यात्रियों ने सामान रख दिया था। जबकि ऐसा करने से मना किया था। इसी सामान में से एक बड़ा बैग चालक की ओर गिर रहा था जिसे दोबारा बोनट मेें रखने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया।