फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र में र्हाईंटेशन लाइन के लटकते तारों ने शुक्रवार को किसान की जान ले ली।ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश है। हादसे की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के लतीफपुर गांव निवासी 55 वर्षीय रामआसरे पाल शुक्रवार की भोर पहर ज्वार के खेत में भरे पानी को निकालने के लिए गया था। किसान रास्ते में पड़ने वाले खोजनीपुर गांव में त्रिभुवन नाथ के खेतों से गुजर रहा था। उसी के खेतों में हाईटेंशन लाइन का तार कई दिनों से झूल रहा था। किसान लटकते तार की चपेट में आ गया। तार में किसान को चिपका देखकर आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने किसान को बचाने का प्रयास किया। काफी देर बाद किसान तार से छूटकर खेत में गिर गया। ग्रामीणों की सूचना पर उसका पुत्र सूरजभान व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। तब तक किसान की मौत हो चुकी थी। पूर्व प्रधान मकदूम पाल ने बताया कि इस स्थान में कई दिनों से तार झूल रहा था। एक सप्ताह पूर्व मवेशी की भी तार की चपेट में आकर मौत हो चुकी है। मामले की सूचना कई बार बिजली विभाग की दी गई। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मामले की सूचना पर पहुुंची थाना पुलिस ने ग्रामीणों के गुस्से को शांत करके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
इनसेट
किसान की मौत से परिवार बेहाल
थरियांव। मृतक कि सान के 22 वर्षीय पुत्र सूरजभान ने बताया कि पिता की मौत से परिवार अनाथ जैसा हो गया है। उसकी दो बहनें चंद्ररानी (16), अंकला (14), भाई चन्द्रभान (19) हैं। परिवार का पूरा बोझ थोड़े से खेतों पर ही कड़ी मशक्कत करके उठाए हुए थे। पिता की मौत से समूचे परिवार का रो-रो कर हाल बेहाल है।
इनसेट
पोल टेढ़ा होने से लटकी लाइन
हसवां। बिजली विभाग का लापरवाही का नजारा मौके पर देखने को मिला है। एचटी लाइन के पोल का सपोर्टर तार जमीन से गड़ा होना चाहिए है। लेकिन तार को बबूल के पेड़ से करीब तीस मीटर की दूरी पर बंधा गया था। इससे पोल झुक गया था। इसी कारण तार लटकर जमीन से 5 फिट की ऊंचाई तक आ गया।
----------------
करंट लगने से अधेड़ झुलसा
फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के महर्षि कालोनी निवासी निवासी 50 वर्षीय धर्मपाल सिंह शुक्रवार सुबह घर में लगे बिजली बोर्ड से बत्तियां बुझा रहा था। तभी बोर्ड में आए करंट से वह झुलस गया। परिजनों ने उसे बचाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
दो ने किया जान देने का प्रयास
फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के तांबेश्वर नगर निवासी कृष्ण कुमार की 25 वर्षीय पत्नी मंजरी देवी का किसी बात को लेकर देर रात परिजनों से विवाद हो गया। इसके बाद महिला ने मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। महिला को जिला अस्पताल से कानपुर रिफर किया गया है। वहीं शहर के ही आवास विकास मोहल्ला निवासी कमलेश का 23 वर्षीय पुत्र सूर्य प्रकाश ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।