अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। मार्ग दुर्घटना में घायल हों या फिर बीमारी से गंभीर मरीजों को अब जिला अस्पताल में विशेष मानीटरिंग में रखा जाएगा। इसके लिए ट्रामा सेंटर में पांच बेडों की व्यवस्था की गई है। हालत सामान्य होने पर ही इन्हें जिला अस्पताल के जनरल वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा।
जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में हर दिन मार्ग दुर्घटनाओं में घायलों को भर्ती किया जाता है। वार्ड में भर्ती मरीज के गंभीर होने पर डाक्टर को बुलाने में असुविधा होती थी। इस समस्या को देखते हुए ट्रामा सेंटर की दूसरी मंजिल में पांच बेडों की स्पेशल व्यवस्था की गई है।
यहां पर गंभीर मरीजों को भर्ती किया जाएगा और उन्हें इमरजेंसी डाक्टर और स्पेशलिस्ट डाक्टर की टीम देखकर इलाज करेगी। हालात सामान्य होने पर मरीज को वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा। इमरजेंसी के फार्मेसिस्ट बिलाल ने बताया कि गंभीर मरीजों को भर्ती करने का कार्य शुरू हो गया है।
अपग्रेड होगा जिला अस्पताल-सीएमएस
मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. हरिगोविंद सिंह ने बताया कि ट्रामा सेंटर में बेडों की व्यवस्था की गई है। जरूरत के हिसाब से बेड और बढ़ाए जाएंगे। ट्रामा सेंटर में सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा के इंतजाम के लिए शासन को पत्र लिखकर मांग की गई है। दिसंबर या फिर जनवरी तक मरीजों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। प्रदेश में 51 जिलों के अस्पतालों को अपग्रेड के लिए चुना गया है। इसमें फतेहपुर जिला अस्पताल भी शामिल है। इसके तहत चिकित्सीय संसाधनों के इंतजाम के साथ अतिरिक्त चिकित्सक भी मिलने की उम्मीद है।
फोटो- 27- ट्रामा सेंटर में बना स्पेशल वार्ड।
डाक्टरों के सुपरविजन में रहेंगे गंभीर मरीज
ट्रामा सेंटर में स्थापित किए गए पांच अतिरिक्त बेड
हालत सामान्य होने पर जनरल वार्ड में होंगे शिफ्ट