फतेहपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से दीवानी न्यायालय परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ। अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश विनोद कुमार ने की। उन्होंने सरस्वती पूजन और दीप जलाकर लोक अदालत का शुभारंभ किया। इसके बाद एक ही दिन में 27 हजार से अधिक वाद निस्तारित किए गए।
जनपद न्यायाधीश ने पांच एमएसी का निस्तारण करते हुए बारह लाख पंद्रह हजार रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाई। इसी प्रकार अपर जिला जज राकेशधर दुबे, नित्यानंद श्रीनेत, धनेंद्र प्रताप सिंह और जयप्रकाश यादव ने भी एमएसी वादों का निस्तारण कर क्षतिपूर्ति दिलाई। पारिवारिक न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश शंभूनाथ ने 18 वैवाहिक वादों का निस्तारण किया। मुख्य न्यायिक मजिस्टे्रट पारूल श्रीवास्तव ने 136 दांडिक वादों का निस्तारण कर 78,610 रुपये अर्थदंड के रूप में जमा कराया। सिविल जज सीनियर डिवीजन प्रशांत शुक्ला ने 107 दांडिक वादों का निस्तारण कर 8930 रुपये अर्थदंड के रूप में जमा कराया। एसीजेएम अजय कुमार ने 195 दांडिक वादों निस्तारण कर 49,350 रुपये अर्थदंड के रूप में जमा कराया और दो दीवानी के वादों का भी निस्तारण किया। एसीजेएम कमलकांत श्रीवास्तव ने 128 दांडिक वादों का निस्तारण कर 6250 रुपये अर्थदंड के रूप में जमा कराए। इसी क्रम में राजस्व न्यायालयों ने 484 राजस्व वादों, 20 चकबंदी वादों और 415 दांडिक शमनीय वादों और 15103 अन्य प्रीलिटीगेशन प्रकरणों का निस्तारण किया गया। बिजली विभाग के 6,52,715 रुपये की धनराशि के 7825 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। नगर पालिका परिषदों के 1796 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। बैकिंग संस्थानों के 112 बैंक वसूली प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इस तहर राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 27,316 वादों का निस्तारण किया गया। अर्थदंड के रूप में न्यायालयों ने 1,77,440 रुपये वसूल किए। लोक अदालत के समापन पर जनपद न्यायाधीश विनोद कुमार ने न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और अधिवक्ताओं का सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।
डीएम ने दिए बैनर पोस्टर हटाने के निर्देश
- अफसरों के जिला मुख्यालय छोड़ने पर रोक
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। चुनावी तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में शनिवार को एक बैठक हुई। डीएम संजीव सिंह ने अधिकारियों से कहा कि कोई भी अधिकारी और कर्मचारी बिना अवकाश स्वीकृत कराए मुख्यालय नहीं छोड़ेेगा। उन्होंने कहा चुनाव की घोषणा होने वाली है।
डीएम ने कहा कि अधिसूचना जारी होने से पहले नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, उप जिलाधिकारी, बीडीओ और विद्युत विभाग आपसी सांमजस्य से टीम बना लें और हर जगह से बैनर एवं पोस्टर हटवा दें। उन्होंने वाल पेटिंग की भी पुताई करा देने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐरई और बिंदकी तहसील में ई टेंडर के माध्यम से भंडारण की नीलामी कराई जाए। डीएम ने मौरंग लदे वाहनों के रूट पर चेकिंग चलाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, खनन अधिकारी और एआरटीओ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो 17 - पत्रकारवार्ता करते पूर्व डीजी
पूर्व एडीजी ने की सेना के शौर्य की तारीफ
फतेहपुर। प्रदेश पुलिस महकमे के पूर्व महानिदेशक सूर्य कुमार शुक्ला ने भाजपा की सदस्यता ले ली है। शनिवार को आबूनगर में इन्होंने प्रेसवार्ता में कहा कि उन्होंने भाजपा की नीतियों और योजनाओं को अच्छा समझते हुए सदस्यता ले ली है। उन्होंने आंतकी हमले में पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने पर सेना के शौर्य की तारीफ की। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रवादी पार्टी है और पार्टी ज्वाइन करने की यह वजह थी। इस दौरान उन्होंने अयोध्या मसले पर मध्यस्तता कमेटी गठित करने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी पक्ष लिया। उन्होंने कहा कि मध्यस्तता से यह मुद्दा आसानी से हल हो जाएगा। पत्रकारवार्ता में उन्होंने उज्ज्वला योजना , आयुष्मान भारत और श्रमिकों को पेंशन योजना को मोदी सरकार का मील का पत्थर बताया।