फतेहपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन दूसरे दिन शनिवार को भी खासा प्रभावित रहा। माध्यमिक शिक्षक संघ चेतनारायण गुट के पदाधिकारियों के दबाव में दो मूल्यांकन केंद्रों में आवंटित कापियों के बंडल प्रधान परीक्षकों ने लौटा दिए गए। इस दौरान उप नियंत्रक मूकदर्शक बने रहे। सिर्फ हाईस्कूल के एक मूल्यांकन केंद्र में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की शुरुआत हो पाई।
बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए तीन केंद्र बने हैं। इनमें राजकीय इंटर कालेज में इंटरमीडिएट, हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए राजकीय बालिका इंटर कालेज और सदाशिव इंटर कालेज रेलबाजार को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। शनिवार को तीनों केंद्रों में विधिवत मूल्यांकन शुरू होना था, लेकिन मूल्यांकन बहिष्कार कर रहे चेतनारायण गुट के माध्यमिक शिक्षकों ने परीक्षकों को मूल्यांकन नहीं करने
दिया। कोठार से उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल आवंटित कराने के बाद प्रधान परीक्षकों पर दबाव बनाकर वापस करा दिया गया। यह स्थिति राजकीय इंटर कालेज और राजकीय बालिका इंटर कालेज में भी रही। मूल्यांकन बहिष्कार कर रहे शिक्षक नेता पूरे मूल्यांकन केंद्रों के हर कक्ष में भागदौड़ करते रहे। ऐसे में प्रधान परीक्षक बंडल कोठार में लौटाकर चलते बने। कुछ परीक्षक कापियां जांचने के लिए बैठे इंतजार करते रहे, लेकिन प्रधान परीक्षकों ने कापियां ही नहीं उपलब्ध कराई। उधर, सदाशिव इंटर कालेज रेलबाजार मूल्यांकन केंद्र में बहिष्कार कर रहे शिक्षक नेताओं ने कई बार पहुंचकर मूल्यांकन बंद कराने की कोशिश की, लेकिन उनके केंद्र से बाहर निकलने के बाद फिर मूल्यांकन शुरू हो गया। इस तरह से बार-बार व्यवधान के बावजूद 3410 कापियों का मू्ल्यांकन किया गया। उधर, दूसरी ओर माध्यमिक शिक्षक संघ चेतनारायण गुट के जिला मंत्री वीरेश तोमर और पूर्व जिलाध्यक्ष करुणा शंकर मिश्र ने बताया कि दूसरे दिन भी उनके संगठन का मूल्यांकन बहिष्कार सफल रहा। जब तक उनकी सात सूत्री मांगे पूरी नहीं होती हैं, तबतक मूल्यांकन बहिष्कार जारी रहेगा।
----------------
रविवार को हुआ दर्ज होगी रिपोर्ट- डीआईओएस
फतेहपुर। डीआईओएस एवं मुख्य नियंत्रक महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभी तक किसी भी केंद्र के उपनियंत्रक ने शिकायत नहीं दर्ज कराई है। इसकी रिपोर्ट उपनियंत्रकों से मांगी जा रही है। रविवार को मूल्यांकन प्रभावित करने का प्रयास किया गया तो संबंधित के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
----------------
प्रधान परीक्षकों की हुई नियुक्ति
फतेहपुर। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन केंद्र में गैरहाजिर प्रधान परीक्षकों के स्थान पर उप नियंत्रकों ने दूसरे प्रधान परीक्षक नियुक्त किए। यह सिलसिला तीनों मूल्यांकन केंद्रों में दिन भर चला। जीआईसी के उप नियंत्रक उदय प्रभात, जीजीआईसी की उप नियंभक निधि अवस्थी ने बताया कि प्रधान परीक्षकों की नियुक्ति का काम पूरा हो गया है। रविवार से मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह से गति पकड़ लेगी।
शिक्षकों की मांगें डिप्टी सीएम ने मानी, वार्ता सफल
फतेहपुर। माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के जिलाध्यक्ष आलोक शुक्ला ने बताया कि शनिवार को प्रांतीय नेता और उप मुख्यमंत्री के बीच हुई वार्ता पूरी तरह से सफल रही है। वार्ता वित्तविहीन शिक्षकों का सेवा शर्ते बनाने, पद सृजन, मान्यता प्रावधान में बदलाव करने का आश्वासन मिला है। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षकों की सभी मांगे सीएम ने मानने की की हामी भरी है। प्रनिथिनिधि मंडल में ओमप्रकाश शर्मा शिक्षक विधायक, जगवीर किशोर जैन शिक्षक विधायक, हेमसिंह पुंडीर, सुरेश त्रिपाठी आदि शामिल थे।
.......................