अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के सामने अंग्रेजी माध्यम से जिले में 68 प्राथमिक स्कूल संचालित करना टेढ़ी खीर बन गई है। पहली अप्रैल से स्कूल चल पाना मुश्किल लग रहा है। विभाग के तमाम प्रयास के बावजूद 340 शिक्षकों के सापेक्ष सिर्फ 240 शिक्षकों ने आवेदन किया है। शिक्षक चयन परीक्षा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में शुक्रवार को होगी।
बेसिक शिक्षा विभाग ने नए सत्र से जिले के सभी ब्लाकों में पांच-पांच प्राथमिक स्कूल अंग्रेजी माध्यम से संचालित करने का मन बनाया है। अंग्रेजी माध्यम से संचालित करने के लिए 65 स्कूल ग्रामीण क्षेत्र और तीन स्कूल नगरीय क्षेत्र में चयनित हैं। इन सभी स्कूलों में इंटरमीडिएट अंग्रेजी के साथ उत्तीर्ण या फिर अंग्रेजी माध्यम के स्कूल में पढ़े शिक्षकों को चुना जाना है।
इनमें एक प्रधानाध्यापक और चार सहायक अध्यापक नियुक्त होंगे। इसके लिए बीएसए ने शिक्षकों से आवेदन मांगे थे। दो बार आवेदन की तिथि बढ़ने के बावजूद सिर्फ 240 शिक्षकों ने आवेदन किया।
चर्चा है कि सौ से अधिक आवेदन खंड शिक्षा अधिकारियों ने दबाव में शिक्षकों से कराया है। स्वेच्छा से आने वाले आवेदनों की संख्या सिर्फ 176 थी। शेष आवेदन बीईओ को आवेदन का लक्ष्य देने के बाद जमा हुए हैं। ऐसे में कहा जा रहा है कि अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों का संचालन आधी अधूरी तैयारी में हो रहा है। परीक्षा में सभी शिक्षक पास हों यह भी जरूरी नहीं।
बता दें कि शिक्षक चयन परीक्षा शुक्रवार को डायट में सुबह 10 बजे से होगी और परीक्षा के बाद यहीं पर साक्षात्कार भी होगा। बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिन स्कूलों का चयन इस योजना के लिए किया गया है, उनके पात्र शिक्षकों से भी संबंधित स्कूल में सेवा ली जा सकती है। अगर जरूरत पड़ी, तो अनुमति लेकर एक बार फिर से शिक्षकों से आवेदन लिए जा सकते हैं।
बिना किताबों के पढ़ाई
फतेहपुर। अंग्रेजी माध्यम से संचालित होने वाले स्कूलों के लिए किताबों की व्यवस्था कहां से होगी, यह भी यक्ष प्रश्न बना है। सत्र पहली अप्रैल से चालू होना है। बेसिक शिक्षा विभाग के पास मुफ्त में दी जाने वाली किताबें जून के पहले नहीं आती हैं। ऐसे में साफ है कि अप्रैल और मई महीने में बच्चे स्कूलों में बिना किताबों के ही पढ़ाई करेंगे।
पहले से चल रहे दो स्कूल
फतेहपुर। जिले में दो स्कूल पहले से अंग्रेजी माध्यम से संचालित हो रहे हैं। एक स्कूल नगर क्षेत्र का आदर्श प्राथमिक मसवानी और दूसरा बहुआ ब्लाक क्षेत्र का प्राथमिक करसूमा है। इनमें एक प्रधानाध्यापक और चार-चार सहायक अध्यापकों की नियुक्ति है।