अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। अलग-अलग स्थानों पर शार्ट सर्किट से 75 बीघा फसल जलकर बर्बाद हो गई। तीन घरों में लगी आग को बुझाने के चक्कर में चार लोग झुलस गए। दमकल के न पहुंचने पर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया।
मलवां थाना क्षेत्र के दलीपुर गांव में शार्ट सर्किट की चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। घटना में शोभा देवी, राम सिंह, पप्पू, मूलचंद्र, संजीत समेत आठ किसानों की 25 बीघा फसल जल गई। ग्रामीणों की सूचना के बाद भी दमकल नहीं पहुंची। गुस्साए ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान पूर्व सांसद राकेश सचान पहुंचे। ग्रामीणों को पूर्व सांसद ने समझा बुझाकर शांत किया। मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर यातायात बहाल कराया।
जाफरगंज प्रतिनिधि के अनुसार, थाना क्षेत्र के डांडा अमौली निवासी महेश निषाद के घर के बाहर बच्चे खेल रहे थे। तभी उसके छप्पर में आग लग गई। महेश परिवार के साथ खेत गेहूं काटने गया था। घटना में घर का पूरा सामान जलकर बर्बाद हो गया। ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका।
अमौली प्रतिनिधि के अनुसार, गौरा गांव में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से गांव के सोनू, रामकिशोर की पांच-पांच बीघा, उमाशंकर की चार बीघा, रतीराम की दो बीघा, श्रीपाल की तीन बीघा, छोटे कश्यप, राकेश वर्मा की एक-एक बीघा फसल जलकर बर्बाद हो गई। ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका। दमकल की देरी से पहुंचने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और नोकझोंक हुई। प्रधान धनीराम वर्मा ने बताया कि हाईटेंशन लाइन के जर्जर तार लकड़ी के पोल के सहारे टिके हैं। जिससे आए दिन घटनाएं होती हैं। छह साल पहले एक किसान की मौत हो चुकी है। कई मवेशी लाइन की चपेट में आने से मर चुके हैं।
चौडगरा प्रतिनिधि के अनुसार, अलीपुर गांव के तेंदुली फीडर की हाईटेंशन लाइन सप्लाई बाधित थी। उसे कर्मी अलीपुर मंदिर के पास ठीक कर रहे थे।
शार्ट सर्किट से संतोष सैनी की एक बीघा, रामनरेश सैनी की एक बीघा, शिवनरेश की एक बीघा, छेदालाल प्रजापति के दो बीघा, बिंदकी के दयालू गुप्ता की डेढ़ बीघा, माल्या अग्रवाल की डेढ़ बीघा, मौहार गांव के रामबालक सैनी की एक बीघा फसल जलकर बर्बाद हो गई। यहां करीब सौ बीघा फसल थी। फसल को लाठी, डंडे, झाड़ से कूटकर आग बुझाने की कोशिश की। बिंदकी से फायर ब्रिगेड पहुंची। फायर टेंडर में पानी खत्म हो गया। हालांकि दूसरी गाड़ी पहुंच गई। जिससे कुल नौ बीघा फसल जली। बाकी फसल को बचा लिया गया।
बहुआ प्रतिनिधि के अनुसार, ललौली थाना क्षेत्र के कोर्रा कनक गांव में माचिस से बच्चों के खेल-खेल में आग लग गई। गांव के रामऔतार, स्वर्गीय भिक्खू की पत्नी पैसुनिया, कल्लू प्रजापति, अंकुल सिंह के घरों में आग लगी। सभी के घरों का सामान जलकर नष्ट हो गया। रामौतार की बेटी सुनीता की तीन माह बाद शादी है। इनके घर में 60 हजार रुपये, दहेज का सामान, सोने, चांदी के जेवरात जलकर बर्बाद हो गए। आग बुझाने के प्रयास में कुबेर, अंकुल, रमजान, बापू झुलस गए। ग्रामीणों के आग बुझाने के बाद एक घंटे देरी से दमकल पहुंची। जिससे ग्रामीणों में गुस्सा रहा। असोथर प्रतिनिधि के अनुसार, टीकर गांव में गेहूं की फसल में आग लग गई। रामप्रसाद की ढाई बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।