फतेहपुर। कभी मुंबई और बंगलौर जैसे महानगरों का स्टेटस रही गैस पाइपलाइन सर्विस अब अपने जनपद का भी हिस्सा होगी। केंद्र सरकार ने जिले के शहर व कस्बे में घर-घर पाइप लाइन के माध्यम से रसोई गैस सप्लाई की सुविधा देने को मंजूरी दे दी है। यही नहीं जनपद में चार सीएनजी पंप भी खोला जाना मंजूर हुआ है। तीन सीएनजी पंप हाईवे और एक पंप शहर के अंदर खोला जाएगा।
केंद्रीय राज्यमंत्री व सांसद साध्वी निरंजन ज्योति ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्व में पड़ोसी जनपद कौशांबी और प्रयागराज को इस योजना के तहत चयनित कर लिया गया था। पर, अब फतेहपुर को भी इसमें शामिल कराया गया है। परियोजना का शुभारंभ बुधवार को कानपुर से इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड संस्था की ओर से कराया जा रहा है, जिसमें जनपद के प्रभारी मंत्री सत्यदेव पचौरी भी उपस्थित होंगे। पाइप लाइन से घरेलू गैस कनेक्शन सिर्फ शहर में ही नहीं बल्कि खागा, बिंदकी, हथगाम और जहानाबाद सहित जनपद के समस्त कस्बों में दिए जाने हैं। साध्वी ने बताया कि कार्यदायी संस्था को एक साल में डेढ़ लाख कनेक्शन कर देने का लक्ष्य दिया गया है। अन्यथा की स्थिति में सरकार उनकी सिक्योरिटी जब्त कर लेगी। इस संबंध में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड के अपर सलाहकार अरविंद कुमार ने बताया कि काम समय पर पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्था इंद्रप्रस्थ को बीती 19 फरवरी को टेंडर कर दिया गया था और बतौर प्रतिभूति धनराशि संस्था से 33 करोड़ रुपये जमा करवाए गए हैं।
महानगरों की तरह पाइप लाइन से घरों तक पहुंचेगी एलपीजी
- जनपद में चार सीएनजी पंप भी खुलेंगे