और गड्ढामुक्त नहीं हो पाईं सड़कें
फतेहपुर। नगर पालिका परिषद की सड़कें अभी तक गड्ढामुक्त नहीं हो पाई हैं। सीएम ने 15 जून तक सभी सड़कों को गड्ढामुक्त कराने का फरमान सुनाया था। यह समय पूरा होने में सिर्फ 15 घंटे शेष हैं। अभी तक कई सड़कों पर काम भी शुरू नहीं हो पाया है।
नगर पालिका परिषद ने दो करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से शहर की 28 सड़कों को गड्ढामुक्त कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कराई थी। वर्क आर्डर में ठेकेदारों को 10 जून तक सड़कों का काम पूरा न होने पर जमानत राशि जब्त करने की चेतावनी दी गई थी। नगर पालिका की तय समय सीमा खत्म हुए चार दिन बीत चुके हैं।
अभी तक देवीगंज ओवरब्रिज के दोनों तरफ की सर्विस लेन ध्वस्त पड़ी हैं। अशोक नगर में सर्विस लेन के गड्ढों में ईंट के टुकड़े डालकर पाटे गए हैं। सादीपुर क्रासिंग से देवीगंज रोड के गड्ढे गिट्टी डालकर छोड़ दिए गए हैं। अवंतीबाई चौराहे से सादीपुर चौराहे तक सड़क के गड्ढों को सिर्फ गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है। यही हालत पीएसी रोड की है। नई तहसील से जेल रोड की हालत भी ठीक नहीं है।
नउवाबाग में सर्विस लेन पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। पीडब्ल्यूडी दफ्तर से पुलिस आफिस होकर जाने वाली सड़क की हालत जस की तस है।
बुधवार को रेलवे स्टेशन से जिला अस्पताल रोड पर काम शुरू हुआ है। कचहरी के पीछे वाले गेट के सामन गड्ढे में तब्दील सड़क पर काम चल रहा है। सादीपुर चौराहा से गैस गोदाम रोड को गड्ढामुक्त करने का काम चालू नहीं हो पाया है। नई तहसील से अस्ती रोड पूरी तरह से ध्वस्त है। इससे तय समय में इसका निर्माण पूरा होना मुश्किल है।
नगर पालिका परिषद की ईओ रश्मि भारती का कहना है कि 15 जून को शहर की सभी 28 सड़कें गड्ढामुक्त हो जाएंगी। बुधवार को पूरी रात सड़कों पर काम होगा। इसके लिए सभी ठेकेदारों को निर्देश दिए गए हैं। जो सड़कें रात में नहीं पूरी हो पाएंगी, उन्हें गुरुवार को दिन में पूरा करा लिया जाएगा।
- 15 जून तक सड़कें दुरुस्त करने का सीएम का था निर्देश