अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने संस्कृत परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली है। सात मार्च से शुरू होने वाली इस परीक्षा में कुल 1267 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिले में कुल पांच एडेड माध्यमिक विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। ललौली इंटर कालेज ललौली में सर्वाधिक 461 परीक्षार्थी हैं।
जिले में माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद के कुल 18 विद्यालय हैं। इन सभी की वार्षिक परीक्षा सात से 19 मार्च तक होगी। कुल 1267 परीक्षार्थियों के लिए बनाए गए पांच केंद्रों में लाल बहादुर शास्त्री स्मारक ग्रामोत्थान इंटर कालेज पूरेमीतन में 175, बद्री प्रसाद दुलीचंद्र इंटर कालेज अमौली में 113, जनता इंटर कालेज छिवलहा में 200 परीक्षार्थी तथा चौधरी रामरूप सिंह धनराज सिंह इंटर कालेज धाता में 318 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। दो-दो परीक्षा केंद्र सदर और खागा तहसील क्षेत्र में बनाए गए हैं, जबकि एक परीक्षा केंद्र बिंदकी तहसील क्षेत्र में बनाया गया है। डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दो पालियों में होने वाली परीक्षा की पहली पाली 7.30 से 10.30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होगी। पहले दिन सात मार्च को प्रैक्टिकल निधारित परीक्षा केंद्रों में होंगे। अगले दिन से लिखित परीक्षा 17 मार्च तक चलेगी। 19 मार्च को छूटे बच्चों के प्रैक्टिकल सुबह 10 से शाम चार बजे तक कराए जाएंगे।
1267 परीक्षार्थी पांच केंद्रों में देंगे परीक्षा
माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की सात मार्च से परीक्षा