फतेहपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने श्रेष्ठा योजना के लाभार्थियों की चयन परीक्षा में कुल 533 मेधावी शामिल होंगे। 28 जून को होने वाली चयन परीक्षा के लिए तहसीलवार तीन केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक होगी। परीक्षार्थी केंद्र सुबह नौ बजे पहुंचना अनिवार्य है। दूसरे दिन 29 जून को उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। मूल्यांकन के बाद मेरिट सूची जारी की जाएगी।
नीति आयोग ने श्रेष्ठा योजना के तहत कक्षा नौवीं के लिए 23 और 11वीं के लिए 27 अनुसूचित जाति के मेधावियों का चयन होना है। चयनित अभ्यर्थियों का मुफ्त आवासीय स्कूल में रहने, खाने और पढ़ाई की सुविधा दी जाएगी। हाईस्कूल के प्रत्येक मेधावी को सालाना 75 हजार और 11वीं के मेधावी को सालाना सवा लाख रुपये इस मद में मिलेंगे। यह धनराशि स्कूल के खाते में भेजी जाएगी।
योजना में चयन के लिए 28 जून को परीक्षा होगी। इससे पहले जिले भर से अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं से आवेदन मांगे गए थे। इसके तहत कक्षा आठ उत्तीर्ण 301 और हाईस्कूल उत्तीर्ण 232 छात्र-छात्राओं ने आवेदन
किया है। खागा तहसील क्षेत्र के लिए शुकदेव इंटर कालेज, सदर तहसील क्षेत्र के लिए राजकीय इंटर कालेज फतेहपुर और बिंदकी तहसील क्षेत्र के लिए दयानंद इंटर कालेज परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सभी बच्चे परीक्षा तिथि से पहले अपने प्रवेशपत्र प्राप्त कर लें। परीक्षा तिथि को सुबह नौ बजे केंद्र पहुंच जाएं। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी।