अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। यूपी बोर्ड-2016 की इंटरमीडिएट परीक्षा में अनुसूचित जाति में टॉप करने वाली जिले की तीन छात्राओं को डॉ. अंबेडकर नेशनल मेरिट अवार्ड से नवाजा गया है। अवार्ड के साथ उन्हें 50-50 हजार रुपये भी मिले हैं। अवार्ड पाने वाली छात्राओं में दो जहानाबाद की और एक खागा की हैं।
सरस्वती बाल मंदिर शहजादपुर खागा की हिमांशी चौधरी तथा विकास विद्या मंदिर इंटर कालेज जहानाबाद की अनामिका और आरती देवी ने यूपी बोर्ड-2016 की इंटरमीडिएट परीक्षा में अनुसूचित जाति की छात्राओं में जिला टॉप किया था। केंद्र सरकार ने तीनों छात्राओं को अवार्ड के लिए चुना। डॉ. अंबेडकर प्रतिष्ठान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने इन्हें पुरस्कार दिया है।
कार्यवाहक डीआईओएस शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अवार्ड के साथ बैंक ड्राफ्ट दफ्तर में आ चुके हैं। संबंधित कालेज के प्रधानाचार्य को इसकी जानकारी दे गई है। प्रधानाचार्य संबंधित छात्रा का अंकपत्र, प्रमाणपत्र के साथ एक आईडी लेकर कार्यालय के परीक्षा विभाग से अवार्ड और ड्राफ्ट प्राप्त कर सकते हैं।