थाने में जमा रुपयों का हिसाब देने नहीं पहुंचे दावेदार
फतेहपुर। थरियांव हाईवे पर संदिग्ध कार से बरामद नगदी के दावेदार 24 घंटे बाद भी थाने में हिसाब देने नहीं पहुंचे। अवकाश के कारण आयकर की टीम भी नहीं पहुंच सकी।
शनिवार को थरियांव हाईवे पर लग्जरी कार को पुलिस ने संदिग्ध देखकर पकड़ा था। कार से छह लाख की नगदी बरामद हुई थी। इसका कार सवार हिसाब नहीं दे पाए थे। कार में मैकेनिक मोहम्मद इकराम, रईस अहमद (निवासी कटरा अब्दुलगनी शहर कोतवाली व हाल पता बेगम बाजार बमरौली) व कौशांबी जिले के कोखराज शहजादपुर ननमई निवासी अंसार अहमद बैठे थे।
अंसार का गुलामीपुर में ढाबा है। इन लोगों ने रुपये मोहम्मद जावेद निवासी बमरौली के होने का दावा किया था। जावेद ने मवेशी बेचे थे। इसी के रुपये होने के बारे में बताया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने कार व इसमें सवार तीनों लोगों को छोड़ दिया था।
एसओ बिपिन कुमार सिंह ने बताया रुपयों के बारे में किसी ने संपर्क करने की कोशिश नहीं की है। आयकर विभाग के सामने कागजात दिखाने के बाद ही नगदी लौटाई जाएगी।
- आयकर विभाग की टीम छुट्टी होने के कारण नहीं पहुंची
अमर उजाला ब्यूरो