सोते समय चारपाई पर गिरी दीवार, मौत
फतेहपुर। मलवां थाने के तारापुर असवार गांव में शनिवार सुबह एक घर की दीवार ढहने से परिवार के मुखिया की मौत हो गई। इसी गांव में तीन दिन पहले एक महिला की पड़ोसी की दीवार ढहने में मौत हो गई थी। दूसरी घटना से कच्चे व पुराने घरों में रहने वाले ग्रामीण परिवारों को खतरा सताने लगा है।
गांव के रामनारायण शुक्ला (65) किसान थे। इनके चार बेटों में से तीन दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। गांव में वह बेटे कमलाकांत के परिवार के साथ रहते थे।
कमलाकांत ने बताया कि घर के बाहर बरामदे की दीवार काफी पुरानी थी। कच्चे गारे और ईंट से दीवार का निर्माण हुआ था। लगातार हुई रिमझिम बारिश से दीवार कमजोर हो गई। पिता रात को दीवार के पास ही सो रहे थे। सुबह करीब आठ बजे दीवार भरभराकर ढह गई। हादसा देखकर वह लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। घर का दूसरा हिस्सा न गिर जाए, इससे पहले परिवार को बाहर निकाला गया। चीख पुकार पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए।
मलबे को हटाकर पिता को बाहर निकाला गया। उन्हें गांव के डाक्टर को दिखाया। डाक्टर ने मौत होने की पुष्टि की। चौकी इंचार्ज कमलेश पाल ने बताया कि गांव में पिछले तीन दिनों में दीवार गिरने से मौत की दूसरी घटना है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
- परिवार के थे मुखिया, बारिश के चलते हुआ हादसा