खागा। फसल काटने वाली हार्वेस्टर मशीन और एक ट्रैक्टर के मालिक को युवक ने कम दाम में डीजल दिलाने का झांसा देकर 50 हजार की धोखाधड़ी की। पीड़ित ने कोतवाली में शिकायत की है।
रायबरेली जनपद के सरैनी थाना क्षेत्र के रामपुर कला निवासी प्रभाकर सिंह हार्वेस्टर मशीन के मालिक हैं। उन्होंने कोतवाली तहरीर देकर बताया कि 23 अक्तूबर सुबह उनके हार्वेस्टर का चालक महिचा मंदिर स्थित पेट्रोल पंप से डीजल भराकर लौट रहा था। इसी दौरान एक युवक ने चालक का मोबाइल नंबर लिया और दोपहर में प्रभाकर को कम रेट में डीजल दिलाने का प्रस्ताव दिया।
प्रभाकर ट्रैक्टर मालिक अमित सिंह के साथ ट्रैक्टर में ड्रम लेकर चंदेल फिलिंग स्टेशन पहुंचे। युवक ने मोबाइल पर पंप मालिक से बातचीत करवाई और बिल व क्यूआर कोड भेज दिया। प्रभाकर और अमित ने 25-25 हजार रुपये युवक के खाते में डलवा दिए। इसके बाद युवक मौके से फरार हो गया।
पेट्रोल पंप मालिक ने भुगतान नहीं होने की बात कही और ट्रैक्टर रोकवा लिया। दोनों ने पंप मालिक को खरीदे डीजल का अलग से भुगतान किया और कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इंस्पेक्टर आरके सिंह ने बताया कि सूचना पर घटना की जांच कराई जा रही है।