फतेहपुर। परिवार को गाड़ी से उतारने वाला बदमाश।
- फोटो : FATEHPUR
खागा में पंजाब से परिवार के साथ लौटे एक व्यापारी को गांव छोड़ने के बहाने बोलेरो सवार चार बदमाशों ने धमकाकर 46 हजार रुपये लूट लिए। परिवार कुछ सोच समझ पाता इससे पहले बदमाशों ने उन्हें धमकाया और कोतवाली क्षेत्र के पूर्वी बाईपास पर उतार कर फरार हो गए। इसी दौरान भुक्तभोगी के बेटे ने एक वीडियो भी बना ली। इसमें तीन बदमाशों के चेहरे साफ हुए हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई वारदात से पुलिस के होश उड़ गए है।
खखरेरू के आलमपुर गेरिया गांव निवासी जयपाल लोधी पुत्र रामदास पंजाब के लुधियाना में सब्जी का व्यापार करता है। वह शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे पत्नी लालता देवी, बेटे राजकुमार व बेटी प्रतिभा के साथ बस से खागा- नौबस्ता बाईपास उतरा और टेम्पो का इंतजार करने लगा। तभी वहां पर एक बोलेरो आई। जिसमें चार लोग सवार थे।
उन्होंने जयपाल से पूछा कि वह कहां जाएंगे। जयपाल ने अपने गांव का नाम बताया तो उन्होंने कहा कि वह आलमपुर की ओर ही जा रहे हैं। यह सुनकर जयपाल परिवार सहित बोलेरो में बैठ गया। बोलेरो खखरेरू की जाने की बजाए प्रयागराज की ओर जाने लगी। तभी गाड़ी में ड्राइवर की बगल में बैठे एक बदमाश ने जयपाल को गर्दन दबोच ली और आगे की जेब में रखे रुपये लूटने लगा।
बदमाशों ने गाड़ी पूर्वी बाईपास के पास रोक कर पूरे परिवार को धमकाकर उतार दिया और तुरंत भाग निकले। शाम को जयपाल ने पुलिस को तहरीर दी पुलिस जांच के लिए दौड़ पड़ी। जयपाल ने बताया कि उसके बेटे ने घटना के दौरान की वीडियो भी बनाया है। इसमें तीन बदमाशों के चेहरे साफ हुए हैं। इसमें अधेड़ उम्र के बदमाश ने जयपाल की गर्दन दबोच रखी है। जबकि एक युवक उसके परिवार को उतार रहा है।
एक ड्राइवर की तस्वीर दिखी है। जयपाल ने तहरीर में बताया की उसका 45 हजार रुपया लूट लिया गया है। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि घटना लूट की नहीं बल्कि ठगी की है। उसका एक बैग गायब हुआ है। जानकारी मिलते ही कटोंघन टोल प्लाजा पर सीसी टीवी फुटेज खंगाले गए हैं, लेकिन वहां से गाड़ी नहीं निकली है। मोबाइल की वीडियो के आधार पर ठगी करने वाले बदमाशों की तलाश की जा रही है।